Writer

Writer

Monday, 7 November 2016

पटाखे की कहानी

पटाखे की कहानी
दिवाली के अगले दिन।
जब मैं रहा था घर का कूड़ा बीन।
मुझे एक बिन फूटा पटाखा मिल गया। 
मैंने पूछा। 
इतने सारे जलाए तू कैसे बच गया। 
सब तो बज गए फिर तू कैसे बच गया। 
वो बोला जब तक मेरी बारी आयी मैं डर गया। 
हम से ज़्यादा शोर तो तुम कर रहे थे।
प्रदूषण - प्रदूषण बोलकर हमें बोर कर रहे थे। 
अब मुझे जलाकर मुझे बदनाम मत करना।
और कूड़े में डालकर मेरा अपमान ना करना।
तुम्हारी दिवाली से अच्छा मैं वैलेंटायन में फूटना चाहूँगा। 
आत्महत्या करके भी शहीद कहलाऊँगा।
आत्महत्या करके भी शहीद कहलाऊँगा।

शतरंज की बिसात

शतरंज की बिसात
चलो आज मिलकर, शतरंज की एक नयी बिसात बिछाये। 
फ़ेज़ेज़ - फ़ेज़ेज़ बहुत खेल लिया, अब जाती का खेल रचाए। 
कोई फेंके पासे, तो कोई बना है ख़ुद मोहरा। 
कौन जीतेगा इस जंग में, कौन खाएगा ज़ख़्म गहरा।

बिल्डर, सिक्युरिटी, और पार्किंग, यह सब बातें है चार दिन की।
समस्याओं को और उलझाने का यह राज है बड़ा ही गहरा।
देखना है इस दिसम्बर ऊँट किस करवट बैठेगा। 
कितना साफ़ करे कोई, दागो से भरा है हर चहेरा।

आरोप - प्रत्यारोप इस माह और बढ़ जाएँगे। 
जो ना मिले थे कभी, वो सब साथ में नज़र आएँगे।
दुश्मन बनेंगे दोस्त, दोस्त दुश्मन बन जाएँगे। 
जान लो समझ लो, अभी से लगा लो अपने पर पहरा।
यह शतरंज का खेल बहुत है गहरा, यह खेल बहुत है गहरा।

बिछड़ गए

बिछड़ गए
देखते थे पलट कर वो हर रोज़, शायद चाहत उन्हें भी थी। 
कर ना पाए इजहारे इश्क़, वरना मुहब्बत उन्हें भी थी।

रोज़ करते थे उनका इंतज़ार हम, इक पेड़ के नीचे। 
इस बात की ख़बर उनको ही नहीं, पूरे शहर को थी।

वो उनका बात बात पर, जीभ से होटों को तर करना।
साँसों की तपिश इधर ही नहीं, उधर भी थी।

बड़ा ऐतबार था दिल को, कि एक दिन उनको पा लेंगे।
एक दूसरे को अपना लेने की ख़्वाहिश, इधर भी थी, उधर भी थी।

उनकी एक झलक के खातिर, सबकुछ लुटा बैठे हम।
मगर उनकी डोली उठने की खबर, इधर कभी ना थी।

आज भी आँखों में उसकी, देखा मैंने प्यार मेरा।
एक बार मिलने की हसरत, इधर भी थी, उधर भी थी।

बिछड़ना नहीं था, फिर भी बिछड़ गए हम तुम।
जमाने से शिकायत, उसे ही नहीं मुझे भी थी।

Saturday, 5 November 2016

ज़िन्दगी से एक मुलाकात

ज़िन्दगी से एक मुलाकात

रात का सन्नाटा था
दरवाजे पे एक दस्तक हुई
सहमी सी धीमी आवाज़ मैं मैंने पूछा "कौन है?"
एक जानी पहचानी आवाज़ आई "ज़िन्दगी"

विश्वास नहीं था अपनी आँखों पे
मेरे सामने खड़ी थी मेरी ज़िन्दगी
सिल गए थे लब पर आँखों ने कह दिया
बस तुम्हारा ही तो इंतज़ार था, ऐ ज़िन्दगी

खो गयी थी दुनिया की भीड़ में
कहाँ जाना है, क्या पाना है
अनगिनत थे सवाल "क्या चाहती हो ज़िन्दगी?"
शिकवे थे अनेक "क्यों इतना सताती हो ज़िन्दगी!"

पर जब ज़िन्दगी से आमना सामना हुआ
न कुछ कहा न ही कुछ पूछा
बस ज़िन्दगी को गले लगाया
और मिल गए सारे जवाब

        कितने उतार चढ़ाव दिखती है ज़िन्दगी
        कभी हँसाती तो कभी रुलाती है ज़िन्दगी
        कैद करने की इसको कोशिश है व्यर्थ
        एक झरने की तरह बहती जाती है ज़िन्दगी

        एक खूबसूरत सफ़र है ज़िन्दगी
        साथ चले वो हमसफ़र है ज़िन्दगी
        जब तक जान है, साँसे चलेगी
        जब तक साँसे हैं, तब तक है ज़िन्दगी

        एक प्यारा सा एहसास है ज़िन्दगी
        जीने की उम्मीद और एक आस है ज़िन्दगी
        ख़ुशी दे या गम दे, अपने गले लगा लो
        खो कर जाना है, कितनी ख़ास है ज़िन्दगी

भूल नहीं सकती कभी वो रात
जब हुई थी ज़िन्दगी से एक मुलाकात

- सीमा शर्मा

Wednesday, 2 November 2016

क्यों दशहरा तुम मनाते हो

हमारे देश का आज यह हाल है की जब हमारी साहसी फ़ौज पाकिस्तान में जा आतंकियों को मारती है, उनपे सवाल उठा सबूत माँगा जाता है। और हाल में, जेल से भाग रहे SIMI आतंकी को मार गिराया, फिर से उनपर सवाल और उंगलियां उठ रही है, जांच की मांग हो रही है...

इस बात पे अपनी सोच प्रस्तुत कर रही हूँ...

 क्यों दशहरा तुम मनाते हो
******************

ऐ बुद्धिजीवी देश के मेरे
क्यों आतंकी पे अश्क बहाते हो।
इतना डूबे राजनीति में
देश-हित ही भूल जाते हो।
बार बार दिल पूछे मुझसे
क्यों दशहरा तुम मनाते हो।

रावण भी था बुरा मनुष्य
हुआ ढेर राम के वार से।
लंका भी उस दिन गूंजी थी
श्रीराम की जय जयकार से।

राजपूत ने ब्राह्मण को मारा
ना किसी ने सवाल उठाया था।
अयोध्या ने भी सबूत ना माँगा
कि राम ने ही तीर चलाया था।

इतना दूर भी क्यों जाते हो
पड़ोस में तुम्हे ले जाती हूँ।
लादेन को जब मार गिराया
वो दिन तुम्को याद दिलाती हूँ।

अमरीकी ने पाक में घुसकर
लादेन को जब तबाह किया।
चाहे democratic हो या republican
साथ में सबने 'वाह' किया।

Human rights की बात भुला कर
सबने खुशियाँ मनाई थी।
आपसी मतभेद से उठ कर
सबको सबने बधाई दी।

आतंकी पे रोने वालों
अब तो थोड़ी शर्म करो।
जिस सैनिक ने जान गवां दी
थोडा उस पे भी गर्व करो।

इतना डूबे राजनीति में
देश हित ही भूल जाते हो।
बार बार दिल पूछे मुझसे
क्यों दशहरा तुम मनाते हो।

Tuesday, 1 November 2016

दे दुश्मन को दे दे धुनकर

दे दुश्मन को दे दे धुनकर
है है हम में है है ये हुनर
अब बिगुल बजा मस्तक पे सजा
तलवारों से ले ले हुंकार

इतिहास ने डरना सीखा नहीं
और भविष्य डरा सकता नहीं
दुश्मन का सीना छलनी कर
के वर्तमान की है ये पुकार

कल कल करती नदियों से बहा
वो खून जो दुश्मन का मद है
दे दे आहुति दुश्मन की
धरती माँ का है ये उधार

उन पेड़ों की शाखायों को
जिनके पत्ते उसने तोड़ दिए
उन हाथों की हिम्मत फिर न हो
यूँ दुश्मन का तू कर संहार

निश्छल माँ की छाती पर
जिसने अगणित वार किए
उस दुस्साहस का चीर कर
दुगनी शक्ति से कर प्रहार

चुप्पी को कमज़ोरी समझ
जिसने मेरा अपमान किया
उस मन मातिष्क के धारी का
ध्वस्त हो यूँ कर उपचार

दे दुश्मन को दे दे धुनकर
है हम में है है ये हुनर

सुना है की हवा दूषित है

जरा सम्हाल के सांस लेना मेरे मिञों
सुना है की हवा दूषित है,
दूषित मन, दूषित तन और दूषित वचन से कहाँ कुछ होता है।
पर जरा सम्हाल के सांस लेना मेरे मिञों सुना है की हवा दूषित है,


तेरे प्रति वह द्वेष भाव, वह वैमनस्य पूर्ण मेरा स्वभाव, भला उससे कहीं कुछ होता है पर
जरा सम्हाल के सांस लेना मेरे मिञों सुना है की हवा दूषित है,


क्या हुआ जो मेरे ह्रदय मे तेरे लिए द्वेशाग्नि प्रखर प्रज्वलित है पर
जरा सम्हाल के सांस लेना मेरे मिञोंसुना है की हवा दूषित है,


पल पल तेरे अहित की चाह में मेरा मन अकुलाता है,
नींद मेरी उङ जाती है जब तू निश्चिन्त सो जाता है,
तेरे अशुभ की चाहत से मेरा हर कर्म प्रेरित है पर
 जरा सम्हाल के सांस लेना मेरे मिञों सुना है की हवा दूषित है,


मन का प्रदूषण कम करो तो दूषित हवा पर बात करें,
वातावरण का प्रदूषण कम करने को एक साथ आघात करें,
कुछ तुम बदलो कुछ हम बदलें,
मिलजुल संयुक्त प्रयास करें,
दूषित हवा की हवा बदल दें ।
एक स्वस्थ, आन्नदमयी वातावरण में स्वास लें॥